📅 दिनांक: 16 जून 2025
✍️ रिपोर्ट: सुनील गिरि
हापुड़।
जनपद हापुड़ में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के जिला प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद तहसीलों में रिश्वतखोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला हापुड़ सदर तहसील से सामने आया है, जहां लेखपाल के सहायक का एक रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हो गया है। इस वीडियो ने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
पीड़ित किसान का आरोप है कि वह बीते तीन महीनों से अपने एक सामान्य काम के लिए तहसील के चक्कर काट रहा था, लेकिन उसे बार-बार टाल दिया गया। इस दौरान ग्राम प्रधान के माध्यम से संपर्क साधने पर लेखपाल ने अपने सहायक के जरिए 30 हजार रुपये की मांग की। सहायक ने न केवल किसान से अभद्रता की, बल्कि यह भी धमकी दी कि बिना पैसे दिए काम नहीं होगा।
परेशानी से त्रस्त किसान ने अपने एक साथी की मदद से रुपए सौंपते समय वीडियो बना लिया। हैरानी की बात यह है कि रुपए लेने के बावजूद न तो काम किया गया और उल्टा किसान से और 10 हजार रुपये की मांग की गई। इससे आहत होकर किसान ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया।
इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि संबंधित लेखपाल और उसके सहायक के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए गए हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
जनता में आक्रोश, पारदर्शिता पर सवाल
इस घटना के बाद आम जनता में नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि जब तक भ्रष्ट कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक ऐसे मामले सामने आते रहेंगे। किसानों और गरीबों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
फॉलो करें हमारे पोर्टल को ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए।








